पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। इसी बीच शनिवार शाम वार्ड नंबर-9 में भाजपा प्रत्याशी और आजाद उम्मीदवार के समर्थकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, वार्ड-9 से भाजपा प्रत्याशी हरिंदर मलिक और आजाद उम्मीदवार ममता स्वामी के समर्थक चुनाव प्रचार के दौरान आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते तनाव में बदल गई।
बताया जा रहा है कि इसके बाद ममता स्वामी के बेटे और भाई भाजपा प्रत्याशी के कार्यालय पहुंच गए, जहां दोनों पक्षों के बीच फिर से बहस हो गई। स्थिति बिगड़ने पर दोनों ओर से हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई, जिसमें लात-घूंसे चले।
इस घटना में ममता स्वामी के भाई के घायल होने की सूचना है, जिन्हें सिर में चोट आई है और वह लहूलुहान हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
कुछ ही देर बाद ममता स्वामी और उनके पति भी मौके पर पहुंच गए। समर्थकों का आरोप है कि भाजपा प्रत्याशी हरिंदर मलिक के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की और ममता स्वामी के भाई पर हमला किया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।