दिल्ली के जाफराबाद मेट्रो स्टेशन पर गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। यह घटना शाम करीब 6:05 बजे उस समय हुई, जब बुराड़ी की दिशा में जाने वाली मेट्रो लाइन के पास यह आवाज आई। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और हालात का जायजा लिया।

यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया

घटना के बाद एहतियात के तौर पर स्टेशन पर मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।

पतंग के मांझे से हुआ शॉर्ट सर्किट

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्टेशन के पास कुछ बच्चे पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान एक पतंग का मांझा मेट्रो के दो बिजली के तारों के बीच फंस गया, जिससे शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट की वजह से तेज आवाज के साथ हल्की आग भी लगी, जिसे तुरंत नियंत्रित कर लिया गया।

सुरक्षा को लेकर मेट्रो अधिकारियों की अपील

मेट्रो प्रशासन ने इस घटना के बाद लोगों से अपील की है कि बिजली के तारों और मेट्रो ट्रैक के आसपास पतंग न उड़ाएं, क्योंकि इससे गंभीर हादसे हो सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस और सीआईएसएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।