दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक फैक्ट्री में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:03 बजे ज्वाला पुरी फायर स्टेशन को सूचना मिली कि फैक्ट्री नंबर 93/8, मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में कुछ मजदूर सेप्टिक टैंक में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। रास्ते में भारी ट्रैफिक के चलते टिकरी की ओर से एक अतिरिक्त फायर टेंडर भी भेजा गया। बाद में एसडीएम मुंडका को भी डीडीएमए के जरिए मौके पर बुलाया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दमकलकर्मियों ने तीनों मजदूरों को टैंक से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान 38 वर्षीय अरुण, 32 वर्षीय संदीप और 42 वर्षीय चांद के रूप में हुई है, जो सुल्तानपुरी के इंद्रा झील इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक मजदूर सफाई के लिए टैंक में उतरा था, तभी वह जहरीली गैस की चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए दो अन्य मजदूर भी एक-एक कर अंदर गए, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आकर बाहर नहीं निकल सके।

घटना की सूचना पर मुंडका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर जांच कर रही है।