नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को उत्तम नगर घटना को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी सांप्रदायिक हिंसा भड़काने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि किसी भी बहकावे या उकसावे में न आएं।
सोशल मीडिया पर जताई चिंता
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि उत्तम नगर झड़प से लोगों को भारी कीमत चुकानी पड़ी। उन्होंने लिखा कि एक तरफ तरुण नामक युवक की जान चली गई, वहीं एक पूरा परिवार उत्पीड़न का सामना कर रहा है। गांधी ने स्पष्ट किया कि उन्हें और खून-खराबा बिल्कुल नहीं चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह हिंसा केवल भाजपा और उसके इकोसिस्टम को चाहिए, जो नफरत के माहौल में हिंसा को बढ़ावा देने का हर मौका भुनाता है। उन्होंने इस स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
भाजपा पर गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा देश को हिंदू-मुसलमान में उलझाए रखना चाहती है, ताकि लोग प्रधानमंत्री से सवाल न पूछ सकें। उनका दावा है कि ये सवाल देश की रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा और सामरिक संप्रभुता से संबंधित हैं। गांधी ने आरोप लगाया कि इसी कारण राजधानी में फिर से दंगों जैसे हालात पैदा किए जा रहे हैं।
दिल्लीवासियों से राहुल गांधी की अपील
कांग्रेस नेता ने दिल्लीवासियों से अनुरोध किया कि किसी भी बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि देश की शक्ति हमारी एकता, भाईचारा और मोहब्बत में निहित है। अपने संदेश में उन्होंने “जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो” का नारा देते हुए शांति और सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया।