दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह कई इलाकों में हुई बारिश ने मौसम का रुख अचानक बदल दिया। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 और 8 अप्रैल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और दिनभर गरज और बिजली के साथ तेज हवाओं के बीच हल्की बारिश होने की संभावना है।

आगे के दिन का मौसम कैसा रहेगा

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, 9 से 12 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 30 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। आसमान अधिकतर साफ रहेगा, लेकिन दिन के समय तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 9 से 11 अप्रैल तक तेज सतही हवाओं का असर ज्यादा रहेगा, जबकि 12 अप्रैल को हवा की गति थोड़ी धीमी होने की संभावना है।

सोमवार की धूप से बेहाल हुए लोग

मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को तेज धूप के चलते राजधानीवासियों को गर्मी का अहसास हुआ। सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान कर दिया था। इस दौरान अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी में अधिकतम आर्द्रता 80 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 27 प्रतिशत रही।