नई दिल्ली। उत्तर भारत में सर्दी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। दिल्ली और उससे सटे इलाकों में बर्फीली हवाओं के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ठंड के साथ-साथ शीतलहर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार 12 जनवरी के लिए दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले घंटों में तापमान गिरकर 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
कोहरे ने भी राहत नहीं दी
दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने से सड़कों और हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए। वाहन चालकों को फॉग लाइट और इंडिकेटर जलाकर चलना पड़ा। कोहरे का असर रेल और हवाई यातायात पर भी पड़ा है, जिससे दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं और कुछ उड़ानों पर भी असर देखा गया।
ठंड के साथ प्रदूषण की दोहरी मार
सर्दी के साथ प्रदूषण ने भी हालात और मुश्किल बना दिए हैं। सोमवार सुबह करीब सात बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 325 के आसपास दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। जहरीली हवा के कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, आनंद विहार में AQI 329 रहा, जबकि आईजीआई एयरपोर्ट क्षेत्र में यह 221 दर्ज किया गया। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में AQI 210 रहा, वहीं नोएडा में 286 और गुरुग्राम में 320 से अधिक दर्ज किया गया।
दिल्ली-एनसीआर में AQI की स्थिति
दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI 300 के पार बना हुआ है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है। मुंडका क्षेत्र में सबसे अधिक प्रदूषण दर्ज किया गया, जबकि गाजियाबाद तुलनात्मक रूप से कम प्रदूषित रहा। विशेषज्ञों ने लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और मास्क पहनने की सलाह दी है।
ठंड और बढ़ने के आसार
मौसम विभाग का अनुमान है कि राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। शीतलहर का असर जारी रहने से आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है। लोगों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।