नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुए विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सीट और चढ़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में गंभीर रूप से घायल एक यात्री की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब छह बजे योगा एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची थी। ट्रेन रुकते ही जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा का कुछ यात्रियों से कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर कई लोगों ने मिलकर पंकज के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान पंकज को धक्का देकर गिरा दिया गया और उसके बाद उनके साथ लात-घूंसों से हमला किया गया। घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का एक जवान भीड़ के बीच फंसे पंकज को बाहर निकालता दिखाई देता है। बाद में उन्हें प्लेटफॉर्म पर लिटा दिया जाता है। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पंकज को तुरंत गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नई दिल्ली रेलवे के डीसीपी सचिन शर्मा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मारपीट के दौरान आई गंभीर अंदरूनी चोटें मौत का कारण बनीं। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और वायरल वीडियो की मदद से हमले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।