मुजफ्फरनगर। राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का शनिवार को जनपद न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गृह में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया और वहां रह रहे किशोरों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।

जनपद न्यायाधीश ने किशोरों से बातचीत के दौरान उनके रहन-सहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन व्यवस्था और काउंसलिंग से जुड़ी स्थिति की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश ने सुरक्षा व्यवस्था, आवासीय सुविधाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किशोरों के पुनर्वास, शिक्षा और मानसिक विकास से जुड़ी सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर अपर जिला जज ज्योत्सना शिवांच, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कविता अग्रवाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येंद्र चौधरी, न्यायिक मजिस्ट्रेट अनिष्का चौधरी, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


इसके अलावा संस्था प्रभारी मोहित कुमार, काउंसलर बिलकिस जहां, सहायक अध्यापक राकेश कुमार, संप्रेक्षण गृह का स्टाफ और सुरक्षा कर्मी भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।