दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने स्पष्ट कहा है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने पहले निर्धारित समय सीमा के बाद धरना स्थल खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। हालांकि शुरुआती चरण में पुलिस मुख्य मंच क्षेत्र तक नहीं पहुंच सकी। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि प्रदर्शन की अनुमति शाम पांच बजे तक ही थी और उसके बाद जारी रखने की अनुमति नहीं दी गई है।

इसी बीच अभिजीत दीपके ने प्रशासन से प्रदर्शन की अनुमति बढ़ाने की अपील भी की, लेकिन पुलिस ने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए, जिनमें कई लोग थाली और चम्मच बजाकर अपना विरोध दर्ज कराते दिखे।

प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा विवाद, पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर पारदर्शी व्यवस्था और सख्त कार्रवाई की मांग की। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और निगरानी टीमें तैनात की गई हैं।

इससे पहले अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुला पत्र लिखकर परीक्षा प्रणाली में सुधार और जवाबदेही तय करने की मांग उठाई थी। सीजेपी लगातार शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना विरोध तेज कर रही है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थल खाली कराने की कोशिश कर रही है, जबकि आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।