हरियाणा कांग्रेस ने गुरुवार को अपने 7 नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निष्कासित कर दिया है. हरियाणा कांग्रेस की यह बड़ी कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अगले महीने राज्य में नगर निगम चुनाव होने वाले हैं. हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के आदेश के अनुसार सभी सात नेताओं को तत्काल प्रभाव से 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया है.
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रमुख उदय भान की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि निगम चुनाव प्रक्रिया के दौरान हाल के दिनों में पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए हैं. वहीं, इससे संबंधित रिपोर्ट मिलने के बाद सभी सातों नेताओं को तत्काल प्रभाव से अगले छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाता है.
इन नेताओं के पार्टी से किया गया बाहर
पार्टी द्वारा निष्कासित किए गए लोगों में करनाल के जिला कांग्रेस समिति (DCC) के पूर्व अध्यक्ष तरलोचन सिंह और अशोक खुराना, यमुनानगर में पार्टी नेता प्रदीप चौधरी और मधु चौधरी, हिसार के वरिष्ठ नेता राम निवास रारा, गुरुग्राम में पार्टी नेता हरविंदर और राम किशन सैन का नाम शामिल हैं.
रारा और तरलोचन सिंह BJP में हुए शामिल
राम निवास रारा और डीसीसी के पूर्व अध्यक्ष तरलोचन सिंह हाल ही में सत्तारूढ़ बीजेपी में शामिल हुए थे. रारा पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में हार गए थे, जबकि तरलोचन सिंह को 2019 के विधानसभा चुनावों में करनाल विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हराया था. तरलोचन सिंह पिछले साल हुएउपचुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से हार गए थे.
दो चरणों में होंगे नगर निगम चुनाव
हरियाणा में नगर निगम का चुनाव दो चरणों में किया जाना है. पहले चरण का चुनाव 2 मार्च और दूसरे चरण का चुनाव 9 मार्च को होगा. जबकि 12 मार्च को नतीजे आएंगे. हरियाणा में 8 नगर निगमों में से 7, गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, हिसार, करनाल, रोहतक और यमुनानगर के लिए 2 मार्च को चुनाव होंगे. जबकि पानीपत नगर निगम के लिए 9 मार्च को चुनाव होंगे. इसके साथ ही राज्य के 33 नगर निकायों, चार नगर परिषद और 21 नगर समितियों के लिए भी चुनाव कराए जाएंगे.