भाजपा ने शनिवार काे हिसार विधानसभा क्षेत्र में शहीदाें के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली। कार्यक्रम का संयोजन के विधायक डा. कमल गुप्ता ने किया। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने विशेष रूप से यात्रा में भागीदारी करते हुए यात्रा का नेतृत्व किया। तिरंगा यात्रा को लेकर नागोरी गेट लाला लाजपत राय चौक पर शहर के नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित होने शुरू हो गए थे।
यात्रा लाला लाजपत राय चौक से शुरू होकर गीता पनवाड़ी चौक, मोती बाजार, गांधी चौक, भगत सिंह चौक से होते हुए राजगुरु मार्केट में शहीद राजगुरु की प्रतिमा के सामने पहुंच कर सम्पन्न हुई। यात्रा का शुभारंभ लाला लाजपत राय की प्रतिमा पर पुष्प माला डालकर किया गया। मार्ग में गांधी चौक पर महात्मा गांधी, भगत सिंह चौक पर शहीद भगत सिंह, वाल्मीकि चौक पर भगवान वाल्मीकि और राजगुरु मार्केट में शहीद राजगुरु की प्रतिमा पर पुष्प माला पहना कर उन्हें नमन किया गया।
पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और डाॅ. कमल गुप्ता ने संबाेधित किया। राज्यसभा सदस्य डाॅ. डीपी वत्स, विधायक विनोद भ्याणा ने भी विचार रखे। मेयर गौतम सरदाना व अनुशासन समिति के प्रदेश संयोजक श्रीनिवास गोयल, कर्ण सिंह रानौलिया, डा. प्रतिमा गुप्ता, पूर्व विधायक वेद नारंग, सुरेंद्र पुनिया, सुजीत कुमार, प्रो. मनदीप, प्रवीन पोपली, धर्मवीर, अजय सिंधु, अशोक कन्नौजिया, प्रवीन जैन, सुरेश गोयल धूपवाला, रामचंद्र गुप्ता शामिल रहे।