चंडीगढ़ में कोरोना के एक्टिव केस अब सिर्फ 311 रह गए हैं। केस घटने के साथ ही सैंपलिंग भी कम हो गई है। शुक्रवार को 1564 लोगों के सैंपल लिए गए, जिनमें से सिर्फ 31 पॉजिटिव रिपोर्ट आईं। पिछले एक सप्ताह का कोरोना केसों का पॉजिटिविटी रेट कम होकर 2.21 पर आ गया है। वहीं पिछले एक सप्ताह में रोजाना कोरोना के औसतन 44 केस आए। कोरोना के 93 नए मरीज ठीक भी हुए हैं।
कोरोना संक्रमित 2 लोगों की मौत भी हुई है। मरने वालों में एक मनीमाजरा का 73 वर्षीय व्यक्ति को डायबिटीज, हायपरटेंशन, किडनी की बीमारी थी। उसने पंचकूला के एक निजी हॉस्पिटल में दम तोड़ा। उसे कोरोना की दोनों वैक्सीन लगी थीं। दूसरी मौत भी मनीमाजरा में हुई। यहां के 71 वर्षीय व्यक्ति की जान स्ट्रोक से गई। वह पीजीआई में भर्ती थी। उसने कोरोना की एक ही डोज लगवाई हुई थी।
वैक्सीनेशन अभियान लगातार जारी
कोरोना वैक्सीनेशन अभियान भी लगातार जारी है। इसमें अभी तक 58,187 बच्चों को पहली वैक्सीन लगाई जा चुकी है। वहीं 20,879 बच्चे ऐसे हैं, जिन्हें कोरोना की दोनों वैक्सीन दी जा चुकी हैं। 60 वर्ष से अधिक उम्र के बीमार बुजुर्गों, हेल्थ केयर और फ्रंट लाइन वर्कर्स को भी बूस्टर डोज दी जा रही है। 14,457 बुजुर्ग, 3390 हेल्थ केयर और 5154 फ्रंट लाइन वर्कर्स अभी तक इसमें कवर हो चुके हैं। इससे पहले शहर में 100 प्रतिशत वयस्क फुली वैक्सीनेटिड हो चुके हैं।
कोरोना की स्थिति
शहर में अभी तक कोरोना से 1160 लोगों की मौत हो चुकी है। 91,520 लोग पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। 90,049 लोग ठीक हो चुके हैं। कुल 10,54,359 सैंपल अभी तक प्रशासन कोरोना की जांच के लिए ले चुका है। 9,61,095 सैंपल नेगेटिव पाए जा चुके हैं।