हरियाणा के कैथल जिले में चीका थाना में विजिलेंस की टीम व पुलिस के बीच विवाद हो गया है। दो घंटे से भी ज्यादा समय से पुलिस थाना चीका में विवाद चल रहा है। मौके पर विजिलेंस के अधिकारियों सहित डीएसपी स्तर के अधिकारी हैं। मीडिया को पुलिस थाने से बाहर किया गया है।

चीका पुलिस थाने में विजिलेंस विभाग की टीम ने छापा मारा। करीब दो घंटे से थाना प्रभारी जयवीर शर्मा से बंद कमरे में पूछताछ चल रही है। बताया जा रहा है कि चीका निवासी चांद राम नामक व्यक्ति ने शिकायत दी थी। एसएचओ ने उससे हाथ मिला लिया। सूत्रों का कहना है कि एसएचओ क हाथ तो लाल हो गए, लेकिन रुपये बरामद नहीं हुए हैं।

चीका पुलिस कर्मचारी एवं समाज के अनेकों लोग एसएचओ के समर्थन में आ गए हैं। एक बार तो डीएसपी स्तर के अधिकारी को भी अंदर नहीं जाने दिया गया। सूत्रों का कहना है कि अंबाला से विजिलेंस के भी आला अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक कोई अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। 

बताया जा रहा है कि एसएचओ जयवीर की ईमानदार पुलिस के अधिकारियों में गिनती होती है इस कारण उनके समर्थन में काफी संख्या में लोग आ गए हैं।