फिरोजाबाद के त्रिलोकपुर गांव में शुक्रवार देर शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली से उपलों के बिटोरे गिरने के विवाद के बाद फायरिंग की घटना हुई। इस दौरान दो महिलाएं और आठ वर्षीय बच्चा घायल हो गए। घायलों को तत्काल सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों की हालत स्थिर और खतरे से बाहर है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है।
विवाद कैसे शुरू हुआ
त्रिलोकपुर निवासी ओमप्रकाश जाटव ट्रैक्टर-ट्रॉली से आलू कोल्ड स्टोरेज ले जा रहे थे। इसी दौरान ट्रॉली से धर्मवीर जाटव के सड़क किनारे रखे उपलों के बिटोरे गिर गए। धर्मवीर की पत्नी नीरज ने इस घटना का विरोध किया। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने गाली-गलौज करते हुए मौके से रवाना हो गया।
इसके बाद नीरज देवी ने घर जाकर घटना की जानकारी अपने परिवार को दी। इस पर धर्मवीर अपने स्वजन के साथ ओमप्रकाश के घर गए और शिकायत करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच झगड़ा बढ़ गया और ओमप्रकाश के स्वजन ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
घायलों की स्थिति और पुलिस कार्रवाई
फायरिंग में हाथ में गोली लगने से नीरज की जेठानी रेखा देवी और देवरानी नीलम देवी घायल हुईं, जबकि आठ वर्षीय रोहित को पैर में गोली लगी। घटना से गांव में अफरातफरी मच गई और लोग अपने घरों में छिप गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी ट्रॉमा सेंटर भेजा। फायरिंग करने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि बिटोरे गिरने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। घायलों की हालत फिलहाल ठीक है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।