हरियाणा में नगर निगम और निकाय चुनावों को लेकर रविवार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। कई जिलों में लोगों ने सुबह से लाइन में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया, वहीं कुछ स्थानों पर अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी भी सामने आई।
अंबाला सिटी के बलदेव नगर स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र पर मतदान की धीमी प्रक्रिया को लेकर लोगों ने विरोध जताया। मतदाताओं का आरोप था कि काफी देर तक लाइन में खड़े रहने के बावजूद मतदान की रफ्तार बेहद धीमी रही। नाराज एक मतदाता ने गुस्से में अपनी मतदान पर्ची तक फाड़ दी।
अंबाला नगर निगम चुनाव में मेयर पद की निर्दलीय प्रत्याशी सोनिया चौधरी ने भी सुबह अपने मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान करने की अपील की।
पंचकूला में भी सुबह से मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें नजर आईं। सेक्टर-16 स्थित ब्लूबर्ड हाई स्कूल में लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में मतदान करने पहुंचे। शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी, जबकि मतदाताओं की सुविधा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए।
अंबाला में निर्धारित समय सुबह 8 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं में भी मतदान को लेकर उत्साह देखा गया। कई मतदान केंद्रों पर सुबह से लंबी लाइनें लगी रहीं।
इस बार निकाय चुनाव केवल स्थानीय सत्ता तक सीमित नहीं माने जा रहे, बल्कि कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा भी इन चुनावों से जुड़ गई है। पंचकूला में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रभारी विपुल गोयल, कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई और सांसद वरुण चौधरी की साख दांव पर मानी जा रही है।
अंबाला नगर निगम में मेयर पद को लेकर मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। यहां भाजपा प्रत्याशी अक्षिता सैनी, कांग्रेस उम्मीदवार कुलविंदर कौर और निर्दलीय प्रत्याशी सोनिया चौधरी मैदान में हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि निर्दलीय उम्मीदवार की मौजूदगी ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
उधर, उकलाना नगर पालिका में भाजपा की निकिता गोयल और निर्दलीय प्रत्याशी रीमा सोनी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। करीब 2200 नए युवा मतदाता यहां परिणामों को प्रभावित कर सकते हैं। रोहतक के सांपला में मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है, जबकि धारूहेड़ा और रेवाड़ी में भी कांटे की टक्कर बताई जा रही है।
सोनीपत नगर निगम चुनाव में भाजपा के राजेश जैन और कांग्रेस के कमल दिवान के बीच सीधा मुकाबला है। यहां लाखों मतदाता 22 वार्डों के लिए मतदान कर शहर की सत्ता का फैसला करेंगे। भाजपा जहां अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश में है, वहीं कांग्रेस वापसी की उम्मीद लगाए बैठी है।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, सभी क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।