किसानों व प्रशासन के बीच नहीं बनी बात, सोमवार को हरियाणा के थानों का करेंगे घेराव

हरियाणा। फतेहाबाद जिले में टोहाना के जननायक जनता पार्टी विधायक देवेंद्र बबली केे किसानों से कथित गाली गलौज के बाद किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने व गिरफ्तार किसानों की रिहाई की मांग को लेकर किसान कल (सोमवार, 7 जून को) प्रदेश भर के थानों का घेराव करेंगे।

इसके अलावा सिरसा ,फतेहाबाद ,जींद व हिसार जिलों के किसान अपने जिलों की बजाय टोहाना थाने का घेराव करने जाएंगे।

यह घोषणा टोहाना थाना परिसर में कल रात से धरना लगाये किसान नेताओं ने आज प्रशासन से वार्ता विफल होने के बाद की।

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ,गुरनाम सिंह चढूनी, किसान नेता जोगेंद्र सिंह उगराहा व स्वराज इंडिया के योगेंद्र यादव की अगुवाई में भारी तादाद में किसान टोहाना पुलिस थाने का घेराव किए बैठे हैं।

किसान संगठनों की मांग है पुलिस हिरासत में लिए गए युवा किसान नेता विनोद सीसर,मक्खन सिंह, रवि को रिहा किया जाए, इसके साथ ही विभिन्न किसानों पर दर्ज किए गए मुकदमे भी निरस्त हो।

जेजेपी के विधायक देवेंद्र सिंह बबली के कल माफी मांगने के बाद शुरुआती विवाद तो समाप्त हो गया था और किसान शांत हो गए थे।

इसके बाद किसान नेताओं ने इस मामले को लेकर हिरासत में लिए गए किसानों की रिहाई की मांग जिला प्रशासन से की और इस दौरान कुछ अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन भी किया मगर बात सिरे नहीं चढ़ी।

आज दिन भर जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों के साथ आज किसान संगठन द्वारा बनाई गई कमेटी की कई दौर की वार्ता हुई मगर बेनतीजा रही।

किसानों ने दिनभर टोहाना थाने पर जमकर बवाल काटा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here