कनाडा भेजने का सपना दिखाकर अंबाला की महिला से 8.80 लाख रुपए हड़प लिए। महिला की मुंबई निवासी जोया से फोन पर बातचीत हुई थी। दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान 30 लाख रुपए में कनाडा भेजने की डील हुई, लेकिन 8.80 लाख रुपए हड़पने के बाद भी जब टिकट और वीजा नहीं दिया तो फ्रॉड का पता चला। पीड़िता ने अब अंबाला पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंप कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गांव जनसूई निवासी पुष्पा ने बताया कि उसकी कल्पानी रेजिडेंसी मुंबई निवासी जोया से फोन पर कनाडा के लिए बात हुई थी। जोया ने उसे मिलने के लिए दिल्ली बुलाया था। वह अपने पति के साथ दिल्ली बात करने गई थी।
30 लाख में हुई डील, 8.80 लाख एडवांस दिए
पीड़िता ने बताया कि आरोपी जोया ने 30 लाख रुपए में विदेश भेजने की बात कही। वह आरोपी की बातों में फंस गई। उसने 26 अगस्त 2022 को 2 लाख रुपए, 29 अगस्त को 1.80 लाख रुपए ट्रांसफर कराए। 29 अगस्त को दोबारा फिर जोया से बात हुई। आरोपी ने उसे कहा कि आपका वीजा लग गया है। टिकट के लिए 5 लाख रुपए और दे दो। बाकी की पेमेंट कनाडा पहुंचने के बाद दे देना।
न कनाडा भेजा और न पेमेंट लौटाई
महिला ने बताया कि उसने 30 अगस्त को 5 लाख रुपए और ट्रांसफर करा दिए। वह आरोपी से लगातार टिकट और वीजा के बारे में पूछती रही, लेकिन उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। अभी तक उसे न तो कनाडा भेजा और न ही पेमेंट लौटाई। उसे बाद में पता चला कि आरोपी महिला धोखाधड़ी का काम करती है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धारा 406 व 420 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।