हरियाणा सरकार ने पांचवें वेतन आयोग के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों और फैमिली पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का फैसला लेते हुए नई दरें लागू कर दी हैं।
सरकारी आदेश के अनुसार अब 1 जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक पेंशनर्स को 474 प्रतिशत डीए मिलेगा, जबकि 1 जनवरी 2026 से यह बढ़कर 483 प्रतिशत हो जाएगा। इसके साथ ही सभी पात्र पेंशनर्स को 11 महीने का एरियर भी दिया जाएगा।
वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इससे पहले इन पेंशनर्स को 466 प्रतिशत डीए मिल रहा था। यानी जुलाई 2025 से 8 प्रतिशत और जनवरी 2026 से कुल 9 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जिससे कुल मिलाकर 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
बढ़ा हुआ डीए जून की पेंशन के साथ जुड़कर अगले माह जारी किया जाएगा, जबकि जुलाई 2025 से मई 2026 तक का एरियर भी पेंशनर्स के बैंक खातों में भेजा जाएगा।
छठे वेतन आयोग वाले पेंशनर्स को अभी इंतजार
राज्य सरकार ने 12 मई को पांचवें और छठे वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के डीए में वृद्धि की थी। उस समय पांचवें वेतन आयोग वालों का डीए 474 से बढ़ाकर 483 प्रतिशत और छठे वेतन आयोग वालों का 257 से बढ़ाकर 262 प्रतिशत किया गया था।
हालांकि उस आदेश में पेंशनर्स को शामिल नहीं किया गया था। अब जहां पांचवें वेतन आयोग के पेंशनर्स को लाभ मिल गया है, वहीं छठे वेतन आयोग के पेंशनर्स को अभी राहत का इंतजार करना होगा।
वहीं सातवें वेतन आयोग के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों का डीए पहले ही 58 से बढ़ाकर 60 प्रतिशत किया जा चुका है।