सोहना में शख्स की बेरहमी से हत्या, नशे का इंजेक्शन लगाकर दोनों हाथ काटे

सोहना। सोहना सदर थाना क्षेत्र के खेड़ला गांव में 26 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। उसके दोनों हाथ कोहनी के पास से काट कर शव फेंक दिया गया। प्रथम दृष्टया हत्या का कारण आपसी रंजिश सामने आया है। रविवार सुबह खेड़ला गांव के जगलों से युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। तीन आरोपितों की पहचान की गई है।

सोहना सदर थाना पुलिस ने शव की पहचान खेड़ला गांव निवासी अतुल कुमार के रूप में की। बताया जाता है कि अतुल का गांव के ही दो युवकों ने दो दिन पहले शुक्रवार को अपहरण कर लिया था। पिता लोकेश ने सोहना सदर थाने में उसी रात अपहरण की शिकायत भी दी थी। लेकिन दो दिनों तक अतुल का कोई सुराग नहीं लग सका। तलाश कर रहे स्वजन को रविवार सुबह गांव की पहाड़ी की तलहटी में झाड़ियों से अतुल का शव पड़ा मिला।

मौके से नशे के इंजेक्शन बरामद

उनकी सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर गहनता से जांच की। अंदेश जताया जा रहा है कि शुक्रवार रात ही अतुल की हत्या के बाद यहां शव फेंक दिया गया। उसके दोनों हाथ कोहनी के पास से कटे हुए मिले। शरीर पर चोटों के अन्य निशान भी पाए गए। मौके से नशे के कई इंजेक्शन भी बरामद किए गए।

शुक्रवार रात ही अपहरण की दी गई थी सूचना

पुलिस का अनुमान है कि आरोपितों ने या तो खुद या तो अतुल को नशे के इंजेक्शन लगाए होंगे। इसके बाद उसके दोनों हाथ काटे गए। अधिक खून बहने से उसकी मौत हुई होगी। दूसरी ओर स्वजन ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शुक्रवार रात को ही पुलिस को अपहरण की शिकायत दी गई थी, लेकिन फिर भी पुलिस न तो आरोपितों को पकड़ सकी और न ही युवक को खोज सकी।

आरोपितों को पकड़ने के लिए चार टीमें गठित

एसीपी सोहना अभिलक्ष्य जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों की पहचान की गई है। अपहरण की शिकायत आने पर केस दर्ज कर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया था। आरोपितों के घर पर भी जांच की थी। अब हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश में चार टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

तीन लोगों पर हत्या के आरोप

अतुल के पिता लोकेश ने खेड़ला के रहने वाले अंकित, साैरभ और डेविड पर हत्या का आरोप लगाया है। लोकेश ने बताया कि डेविड ही अतुल से रंजिश रखता था। कुछ महीने पहले इनका झगड़ा भी हुआ था। दूसरी ओर पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि अतुल पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे। उस पर चोरी के तीन और झगड़ा का एक केस था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here