गांव जौरासी खास की घटना; परिजन बोले- डोगा गन से खुद मारी, 2 बच्चों से उठा पिता का साया
हरियाणा के पानीपत जिले में समालखा कस्बे के गांव जौरासी खास में गुरुवार देर रात एक व्यक्ति को अचानक गोली लग गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन तुरंत व्यक्ति के पास पहुंचे और देखा कि उसके पेट से खून निकल रहा है व एक मांस का बड़ा टुकड़ा भी पेट से बाहर निकल गया है। उसके पास डोगा गन थी।
खून से लथपथ हालत में परिजन उसे तुरंत नजदीकी समालखा सीएचसी सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पानीपत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवाया गया। शव का आज पोस्टमार्टम होगा। समालखा थाना पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई कर रही है।
डोगा गन समेत तीन हथियार थे अशोक के पास

गांव जौरासी खास के रहने वाले सोनू ने बताया कि उसका बड़ा भाई अशोक (43) पुत्र शेरसिंह भी गांव में रहता था। वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। उसके पास हथियार का लाइसेंस था। जिस लाइसेंस पर उसने डोगा गन समेत तीन हथियार लिए थे। गुरुवार देर रात 11 बजे के बाद वह अपने कमरे में अकेला था।
इसी दौरान उसके कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन उसके कमरे में पहुंचे, जहां उसे बेड पर खून से लथपथ हालत में देखा। परिजनों ने देखा कि उसके पास डोगा गन पड़ी थी, जिसे उसने पेट में सामने से सटा कर खुद को गोली मारी। गोली पार नहीं हुई, यानि गोली पेट के भीतर ही है।
कई दिन से था मानसिक रुप से परेशान
भाई सोनू ने बताया कि अशोक दो बच्चों का पिता था, जिनमें एक बेटा व एक बेटी शामिल है। बेटा कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है। बड़ी बेटी है। अशोक एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। परिजनों ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से किसी बात को लेकर मानसिक रुप से परेशान था। परिजनों को आशंका है कि इसी मानसिक रुप से परेशानी के चलते अशोक ने आत्महत्या की है।