राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने करनाल से पूर्व सांसद संजय भाटिया को मैदान में उतारा है। राज्यसभा के लिए मतदान 16 मार्च को प्रस्तावित है, जबकि भाटिया 5 मार्च को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

57 वर्षीय संजय भाटिया ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की है। उनका जन्म हरियाणा के पानीपत जिले में हुआ। वह संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए भाजपा के महामंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ते हुए बड़ी जीत दर्ज की थी। करनाल सीट से उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार कुलदीप शर्मा को भारी अंतर से पराजित किया था। भाटिया को कुल 9,09,432 वोट मिले थे और उन्होंने 6.54 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी, जो प्रदेश के इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में से एक मानी जाती है।