हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है। क्रॉस वोटिंग के आरोपों को लेकर पार्टी ने रतिया से विधायक सरदार जरनैल सिंह को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। इसके साथ ही अब तक कुल पांच विधायकों को नोटिस भेजे जा चुके हैं।
इनमें नारायणगढ़ से शैली चौधरी, सढौरा से रेणु बाला, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास और हथीन से मोहम्मद इसराइल शामिल हैं। सभी विधायकों को सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है। हालांकि, सभी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
नोटिस पर उठे सवाल, पार्टी पर बढ़ा दबाव
राज्यसभा चुनाव के बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पांच विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग की बात स्वीकार की थी। वहीं 18 मार्च को पार्टी के प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चार विधायकों के नाम लेते हुए नोटिस जारी करने की जानकारी दी थी।
इस फैसले के बाद पार्टी के भीतर और बाहर सवाल उठने लगे थे कि जब पांच विधायकों पर आरोप हैं तो कार्रवाई केवल चार पर ही क्यों की गई। इसी दबाव के बीच अब जरनैल सिंह को भी नोटिस जारी किया गया है।
विधायकों ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
नोटिस मिलने के बाद संबंधित विधायकों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी के पक्ष में ही मतदान किया है।
सढौरा से विधायक रेणु बाला ने कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा से कांग्रेस के लिए वोट दिया और आरोप पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने दावा किया कि मतदान के दौरान उन्होंने अपना वोट ऑब्जर्वर को भी दिखाया था।
नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी ने भी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ लोगों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है, जबकि अन्य को बचाया जा रहा है।
वहीं रतिया से विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि उन्होंने हमेशा पार्टी और नेतृत्व के प्रति वफादारी निभाई है। उनका कहना है कि उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में ही मतदान किया और जरूरत पड़ने पर वह हाईकमान के सामने अपना पक्ष रखेंगे।
हथीन से विधायक मोहम्मद इसराइल ने भी कहा कि उन पर लगाए गए आरोप गलत हैं और वे पूरी तरह पार्टी के प्रति समर्पित हैं।
हुड्डा बोले—हाईकमान को भेजी गई रिपोर्ट
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि किस विधायक ने किसे वोट दिया, इसकी पूरी जानकारी पार्टी के पास है। उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी के साथ मिलकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर हाईकमान को सौंप दी गई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।