मुजफ्फरनगर। इंजीनियर्स क्लब द्वारा संचालित शीतल जल सेवा (प्याऊ) का शुभारंभ बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर महावीर चौक पर किया गया। क्लब पिछले 22 वर्षों से लगातार गर्मी के मौसम में आमजन और यात्रियों के लिए यह सेवा संचालित कर रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के संरक्षक इंजी. लोकेश चंद्रा, इंजी. अशोक अग्रवाल, अध्यक्ष इंजी. बी.आर. शर्मा, समाजसेवी श्यामलाल बंसल और सुरेंद्र अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर एक विशेष सभा का भी आयोजन किया गया।
सभा की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष इंजी. बी.आर. शर्मा ने की, जबकि संचालन सचिव इंजी. उमेश चंद्र वर्मा ने किया। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने क्लब की सामाजिक गतिविधियों की सराहना की।
क्लब के संरक्षक लोकेश चंद्रा ने बताया कि इंजीनियर्स क्लब सिर्फ प्याऊ सेवा ही नहीं, बल्कि हर वर्ष वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, जरूरतमंद छात्राओं को स्कूल यूनिफॉर्म वितरण और आशादीप संस्थान के माध्यम से दिव्यांग बच्चों की शिक्षा में सहयोग जैसे कार्य भी करता है।

उन्होंने बताया कि शीतल जल सेवा का संचालन प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत और सेवानिवृत्त इंजीनियरों के सहयोग से किया जाता है। यह सेवा शिवरात्रि तक लगभग 100 दिनों तक प्रतिदिन जारी रहेगी, जिससे रोजाना हजारों राहगीरों और यात्रियों को लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में इंजी. रामबीर सिंह ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में कई इंजीनियर सदस्यों और समाजसेवियों का विशेष योगदान रहा।