सोनीपत: खरखौदा कोर्ट परिसर शनिवार को उस समय दहशत में बदल गया जब पेशी पर आए एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। अचानक हुई इस वारदात से अदालत परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

जानकारी के अनुसार, झज्जर जिले के गांव दूबलधन हॉल सेक्टर-37सी, गाड़ौली खुर्द (गुरुग्राम) निवासी नीरज उर्फ कातिया की शादी सोनीपत के गांव किढ़ोली की नीतू से हुई थी। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले में नीतू ने वर्ष 2019 में पति नीरज के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन था। शनिवार को नीरज इसी केस की पेशी के लिए खरखौदा कोर्ट पहुंचे थे।

पेशी पूरी होने के बाद जैसे ही नीरज कोर्ट परिसर से बाहर निकले और लघु सचिवालय के गेट के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से पूरा परिसर दहल उठा और करीब चार से पांच गोलियां लगने से नीरज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर एक ब्रेजा कार में आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने नीरज को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी जोगिंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। दिनदहाड़े अदालत परिसर में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।