फरीदाबाद के मुजेसर गांव में फैक्ट्री में हुए भयानक अग्निकांड में घायल पुलिस सब इंस्पेक्टर रवि कुमार की शनिवार को सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई।
सब इंस्पेक्टर रवि कुमार की शौर्यगाथा
रवि कुमार कैथल जिले के क्योड़क गांव के रहने वाले थे और मार्च 2022 में पुलिस में शामिल हुए थे। घटना के समय उनकी ड्यूटी मुजेसर थाने में थी और वे स्टेशन ड्यूटी ऑफिसर के रूप में तैनात थे।
मुजेसर थाना प्रभारी पूरण सिंह ने बताया कि रवि गंभीर और जिम्मेदार अधिकारी थे। आग की सूचना मिलते ही वे मात्र 15 मिनट में फैक्ट्री में पहुंचे।
सूचना के अनुसार, फैक्ट्री के अंदर कुछ लोग फंसे हुए थे। रवि कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग से घिरी फैक्ट्री में प्रवेश किया और लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान केमिकल से भरे ड्रम में विस्फोट हुआ और वे गंभीर रूप से झुलस गए।
अस्पताल में इलाज और मौत
पहले उन्हें बादशाह खान सामान्य अस्पताल ले जाया गया, फिर गंभीर हालत को देखते हुए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। शनिवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
आग हादसे की स्थिति
इस हादसे में फैक्ट्री मालिक विजय मोंगा के बेटे अभिषेक मोगा और अन्य चार लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। दमकलकर्मी भविचंद की भी शुक्रवार को मौत हो गई थी।
इस आग में लगभग 50 लोग घायल हुए थे, जिनमें फैक्ट्री कर्मचारी प्रदीप भी शामिल थे। दो दिन पहले अभिषेक मोगा और प्रदीप की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाकी घायल लोगों का उपचार अभी जारी है।