अंबाला। हरियाणा के अंबाला जिले से एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां एक चार वर्षीय बच्चा खेलते समय गहरे बोरवेल में गिर गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार सुबह गांव धन्यौड़ा में हुई। मासूम निर्भय अपने पिता, चाचा और चचेरे भाई के साथ खेतों की ओर गया था। इसी दौरान वह खेत में खेल रहा था कि अचानक खुले पड़े बोरवेल के पास पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से उसके भीतर गिर गया।

परिजनों ने तुरंत दी सूचना

बच्चे के गिरते ही परिवार के लोगों में घबराहट फैल गई। मौके पर मौजूद परिजनों ने तुरंत स्थानीय ग्रामीणों और गांव के सरपंच को घटना की जानकारी दी। इसके बाद प्रशासन को सूचित किया गया, जिसने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

प्रशासन और सेना ने संभाली कमान

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि बोरवेल की गहराई करीब 220 फुट है, जिसके चलते बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए भारतीय सेना की मदद भी ली गई है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

बच्चे तक पहुंचाई जा रही ऑक्सीजन

बचाव दल ने बोरवेल के भीतर फंसे बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाने की व्यवस्था की है। वहीं, चिकित्सा टीम और एम्बुलेंस भी मौके पर तैनात हैं ताकि बच्चे को बाहर निकालते ही तत्काल इलाज उपलब्ध कराया जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, बोरवेल के अंदर कैमरा भेजकर बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सेना, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से बच्चे को सुरक्षित निकालने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।

फिलहाल पूरा गांव बच्चे के सकुशल बाहर आने की प्रार्थना कर रहा है और रेस्क्यू अभियान पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।