मुजफ्फरनगर। जिले के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव पावटी में दो सगे भाइयों के बीच जमीन और निर्माण कार्य को लेकर हुआ विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। दुकान निर्माण के दौरान हुए इस विवाद में दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि अन्य परिजन भी घायल हो गए।

घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट और अफरा-तफरी का माहौल देखा जा सकता है। वीडियो में छत पर भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा होता दिखाई दे रहा है, जबकि नीचे ईंटें गिरने और हंगामे की स्थिति बनी हुई है।

पुलिस ने बताई पुरानी घटना

हालांकि, चरथावल थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया ने स्पष्ट किया कि यह घटना हाल की नहीं बल्कि 23 जून की है। उन्होंने बताया कि गांव के दो सगे भाई आस मोहम्मद और मुरसलीन दुकान निर्माण के दौरान लेंटर डालने को लेकर आपस में भिड़ गए थे।


सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों को नियंत्रित किया गया था। उस समय शांति भंग की आशंका के चलते दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर चालान किया गया था।


सोशल मीडिया पर पुराना वीडियो वायरल

पुलिस का कहना है कि अब कई दिन पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर मामले को फिर से तूल दिया जा रहा है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में उस समय ही कार्रवाई कर दी गई थी। यदि आगे कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर जांच की जाएगी।