मुजफ्फरनगर। शहर के दक्षिणी कृष्णापुरी क्षेत्र में बेसहारा कुत्तों को भोजन कराने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पशु प्रेमी शिवानी अरोरा ने मोहल्ले के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
शिवानी अरोरा का कहना है कि वह लंबे समय से क्षेत्र में घूमने वाले बेसहारा कुत्तों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराती हैं, लेकिन कुछ स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि उन्हें कुत्तों को खाना खिलाने से रोका जा रहा है और कई बार इसको लेकर आपत्ति जताई गई है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने वाले लोगों की ओर से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई। शिवानी का कहना है कि पशुओं की सेवा करना अपराध नहीं है, ऐसे में उन्हें इस कार्य से रोकना गलत है।
शिवानी अरोरा ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए, ताकि वह बिना किसी बाधा के बेसहारा पशुओं की सेवा जारी रख सकें।

वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है, हालांकि जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं, प्रशासन ने भी फिलहाल इस मामले में किसी कार्रवाई की पुष्टि नहीं की है।