यमुनानगर-जगाधरी नगर निगम चुनाव, भाजपा ने जारी किया 37 बिंदुओं का संकल्प पत्र

यमुनानगर-जगाधरी नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने मंगलवार को अपने 37 बिंदुओं का संकल्प पत्र जारी किया। भाजपा के जिला कार्यालय यमुना कमल में आयोजित प्रेसवार्ता में यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने संकल्प पत्र की मुख्य घोषणाओं को जनता के सामने रखा।

सभी काबिज परिवारों को मिलेगा मालिकाना हक

भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में 20 वर्षों से अधिक समय से काबिज परिवारों को भूमि और मकान का मालिकाना हक दिलाने का वादा किया। इसके तहत उनकी रजिस्ट्रियां भी करवाई जाएंगी। साथ ही, स्वामित्व योजना के तहत गरीब रेखा में आने वाले परिवारों को विशेष राहत दी जाएगी।

महिलाओं के लिए विशेष घोषणाएं

  • महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए हाउस टैक्स में 25% छूट उन मकानों पर दी जाएगी, जो महिलाओं के नाम पर रजिस्टर्ड हैं।
  • नगर निगम क्षेत्र में ‘पिंक टॉयलेट’ और सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी ताकि महिलाओं को स्वच्छता और सुविधा मिले।

अवैध कॉलोनियों को वैध बनाने का वादा
भाजपा ने संकल्प पत्र में घोषणा की कि जो अवैध कॉलोनियां अब वैध कॉलोनी के दायरे में आ गई हैं, लेकिन कुछ क्षेत्र अब भी अवैध बचे हैं, उन्हें भी वैध घोषित किया जाएगा।

जगाधरी की पीतल शिल्प विरासत को मिलेगा बढ़ावा
भाजपा ने वादा किया कि जगाधरी की प्रसिद्ध पीतल शिल्प विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए ‘पीतल शिल्प विकास योजना’ शुरू की जाएगी। इससे कारीगरों को नई तकनीकों और बेहतर बाजार उपलब्ध कराए जाएंगे।

परिवहन और बुनियादी ढांचे में सुधार

  • वर्तमान में नगर निगम क्षेत्र में 5 एसी ई-बसें चल रही हैं, जिनकी संख्या अगले 6 महीनों में बढ़ाकर 30 की जाएगी।
  • 275 करोड़ रुपये के बजट वाले ‘रिवर फ्रंट विकास परियोजना’ की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा, जिसके तहत 3 नए घाट और ‘यमुना थीम पार्क’ का निर्माण किया जाएगा।

भाजपा नेताओं का संकल्प
भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए यह संकल्प पत्र ठोस योजनाओं पर आधारित है। उन्होंने जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील की ताकि ये वादे हकीकत बन सकें। इस मौके पर भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here