हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बड़सर क्षेत्र में सोमवार को एक तेज रफ्तार कार के हादसे का शिकार होने से अफरा-तफरी मच गई। समोह इलाके में कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी सड़क से फिसलकर एक पशुशाला से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पास स्थित एक मकान को भी आंशिक नुकसान पहुंचा।

कार में केवल एक युवक सवार था, जिसकी पहचान सलौणी गांव के रहने वाले 25 वर्षीय आशीष कुमार के रूप में हुई है। हादसे में वह घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकालकर बड़सर के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

डॉक्टरों के अनुसार युवक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। दुर्घटना कैसे हुई, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और क्षति का आकलन भी किया जा रहा है। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने घटना की पुष्टि की है।