हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में जंजैहली-छतरी मार्ग पर मगरुगला और मझवाल के बीच सैनी नाला के पास रविवार रात एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान ग्राम पंचायत ब्रेयोगी के निवासी देवदत्त (गांव गागन), मंगल चंद (गांव तराला) और आशु (गांव धावण) के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए चालक गुमान सिंह (गांव कल्यांजू) और लाभ सिंह (गांव गागन) को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सभी की उम्र 35 से 42 वर्ष के बीच बताई गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना सड़क की जर्जर हालत और बारिश के कारण डंगे के धंसने से हुई। सभी लोग सेब सीजन में कार्य के लिए शंकरदेहरा गए थे और रविवार शाम को घर लौट रहे थे। हादसा रात के समय हुआ, लेकिन इसकी जानकारी सोमवार सुबह सामने आई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।