सीवान। जिले के आंदर थाना क्षेत्र के हसनपुरवा गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। आरोप है कि बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपनी ही मां की साड़ी से गला दबाकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतका की पहचान हसनपुरवा निवासी पनपती देवी के रूप में हुई है, जो कन्हैया यादव की पत्नी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर एसडीपीओ गौरी कुमारी मौके पर पहुंचीं और मामले की शुरुआती जांच शुरू की।

परिजनों के अनुसार, करीब एक महीने पहले मृतका और बहू रिंकू देवी के बीच घरेलू विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला बढ़ता चला गया। आरोप है कि इसके बाद विदेश में कार्यरत बेटे बबलू यादव ने फोन पर अपनी मां को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले बबलू यादव विदेश से गांव लौटा था। आरोप है कि उसी दौरान उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। कन्हैया यादव का कहना है कि उन्होंने पहले ही 11 मई को पुलिस को आवेदन देकर संभावित खतरे की आशंका जताई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे बबलू यादव और उसकी पत्नी रिंकू देवी को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वारदात के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।