छिंदवाड़ा में मात्र 1750 रुपये के विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि थार गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे करीब 20 युवकों ने एक ट्रांसपोर्टर के घर पर धावा बोल दिया। अचानक हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर हरिराम और परिधि ट्रेडर्स से जुड़े सोनू साहू के बीच अनाज ढुलाई के भुगतान को लेकर 1750 रुपये का विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि फोन पर हुई कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि देर रात आरोपियों ने अपने साथियों के साथ हरिराम के घर पहुंचकर हंगामा कर दिया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि देर रात पहुंचे लोगों ने घर को चारों तरफ से घेर लिया और जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और शोर-शराबे से आसपास के लोग भी बाहर निकल आए।

परिजनों का यह भी आरोप है कि हमलावर कई थार वाहनों में सवार थे और उन्होंने परिवार के साथ मारपीट करते हुए धमकियां दीं। घटना के बाद से परिवार दहशत में है और सुरक्षा की मांग कर रहा है।

सीसीटीवी में कैद पूरी घटना

घर के बाहर लगे कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में कई थार गाड़ियां एक साथ पहुंचती दिखाई देती हैं और युवक लाठी-डंडों के साथ घर की ओर बढ़ते नजर आते हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है।

पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू

घटना के बाद स्थानीय विधायक विजय चौरे और कांग्रेस जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे पीड़ित परिवार से मिले और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की। नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस को किसी दबाव में आए बिना सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।