लैंसडोन। छावनी परिषद क्षेत्र के पठानकोट वन इलाके में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग ने देखते ही देखते जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हजारों की संख्या में छोटी पौध जलकर नष्ट हो गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही छावनी परिषद के वनकर्मी और सेना के जवान मौके पर पहुंचे। दोनों टीमों ने लगातार करीब छह घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। अधिकारियों के मुताबिक इस वनाग्नि से लगभग दो हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है।
वन दारोगा बीरबल सिंह ने बताया कि आग की वजह से जंगल में तैयार की गई बड़ी संख्या में छोटी पौध पूरी तरह जल गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि बड़े पेड़ों को कोई खास नुकसान नहीं पहुंचा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।