हिमाचल में मानसून की दस्तक के साथ तेज बारिश का सिलसिला जारी, सात जिलों में अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में मानसून की एंट्री के साथ ही बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला ने आगामी सात दिनों तक प्रदेश में भारी वर्षा की चेतावनी दी है। कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं।

लाहौल-स्पीति में बादल फटा, सिंचाई योजनाएं प्रभावित

लाहौल-स्पीति के उदयपुर क्षेत्र स्थित जाहलमा नाले में अचानक आई बाढ़ से व्यापक क्षति हुई है। भारी मात्रा में मलबा और पानी आने के कारण क्षेत्र की सिंचाई परियोजनाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। पाइप बह गए हैं और कई पेड़ भी बहाव में आ गए। इसके चलते लिंडूर गांव, जो पहले से ही भू-स्खलन की चपेट में है, वहां खतरा और बढ़ गया है। जाहलमा नाले से हो रहे कटाव ने गांव की पहाड़ी को और अधिक अस्थिर बना दिया है।

कहां-कहां है बारिश का खतरा

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 21, 24 और 27 जून को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है, साथ ही कई स्थानों पर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 22, 23, 25 और 26 जून को हल्की से मध्यम वर्षा के साथ-साथ कई जिलों में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है उनमें चंबा, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर शामिल हैं।

पिछली रात हुई वर्षा के आंकड़े कुछ इस प्रकार हैं: कांगड़ा में 87.8 मिमी, नगरोटा सूरियां में 56.4 मिमी, जोगिंदरनगर में 54.0 मिमी, गुलेर में 40.8 मिमी, नादौन में 30.0 मिमी, और पालमपुर में 23.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

शिमला में सुबह से रुक-रुक कर वर्षा जारी है।

तापमान में उतार-चढ़ाव के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी चार से पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके पश्चात अगले दो दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि का अनुमान है। 25 और 26 जून को अधिकतम तापमान में फिर से गिरावट देखी जा सकती है।

प्रमुख स्थानों पर न्यूनतम तापमान

प्रदेश के प्रमुख क्षेत्रों में दर्ज न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा:

  • शिमला: 18.4°C
  • सुंदरनगर: 24.3°C
  • कल्पा: 15.4°C
  • धर्मशाला: 15.2°C
  • केलांग: 14.0°C
  • नारकंडा: 15.7°C
  • कुकुमसेरी: 11.8°C
  • पांवटा साहिब: 26.0°C
  • सोलन: 21.2°C
  • मनाली: 20.7°C
  • मंडी: 24.2°C
  • हमीरपुर: 26.7°C
  • बिलासपुर: 25.9°C

राज्य भर में मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की है और आपदा प्रबंधन दलों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Read News: ‘नीरा, मेरा इस दुनिया से जाना ही ठीक है’- आरओ प्लांट संचालक ने की आत्महत्या

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here