उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में नेशनल हाईवे-34 पर छिरका के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर और मारुति वैन की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बारात जा रही थी महोबा, रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कुरारा थाना क्षेत्र के डामर गांव से कुशवाहा समाज की बारात महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र स्थित खड्डी पहरा गांव जा रही थी। बारात में शामिल कुछ लोग मारुति वैन से यात्रा कर रहे थे।
जैसे ही वैन छिरका के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
चार लोगों की मौत, तीन घायल
इस हादसे में उर्दना निवासी मोहन (20), तिंदुही निवासी आशीष (30), डामर निवासी कमलेश सहित एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें रोहित (19), दिलीप (24) और बाबूजी शामिल हैं।
घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा
हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडे और कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।
जांच शुरू
पुलिस के अनुसार, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है।