अंब: लोअर अंदौरा क्षेत्र में पंचायती राज विभाग के सचिव बुद्धि प्रकाश (48) ने अपने घर के पास बने शैड में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक का संबंध गगरेट ब्लॉक की बड़ोह पंचायत से था। उनकी पत्नी भी पंचायत विभाग में लडोली पंचायत में जीआरएस के पद पर कार्यरत हैं। आत्महत्या के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
सूचना मिलने के बाद अंब पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया। घटनाक्रम के अनुसार, बुद्धि प्रकाश वीरवार रात को परिवार के साथ भोजन के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। परिजन बताते हैं कि तब तक सब कुछ सामान्य था।
शुक्रवार सुबह जब उनकी पत्नी उठीं, तो उन्होंने उन्हें बिस्तर पर नहीं पाया और सोचा कि वह सुबह की सैर पर गए होंगे। करीब 8 बजे परिवार के एक सदस्य ने घर के पास बने शैड की ओर देखा, तो वहां लोहे के एंगल से बुद्धि प्रकाश का शव फंदे से लटकता मिला। उन्हें तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
अभी तक मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
एएसपी ऊना, सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की पूरी तरह जांच कर रही है। पोस्टमार्टम प्रक्रिया चल रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके।