देश व प्रदेश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस आज हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। इसमें प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल हो सकती हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो प्रियंका गांधी महंगाई के विरोध में बुलाए गए धरने का प्रतिनिधित्व करेंगी।

बता दें कि प्रियंका गांधी चुनावी शिमला के छराबड़ा में बने अपने मकान में पहुंची हैं और आज धरने में शामिल होकर महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतर सकती हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला भी इस धरने में शामिल होंगे।

राजीव शुक्ला भी बीते कल ही शिमला पहुंचे हैं और शिमला MC चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक ले चुके हैं। आज भी राजीव शुक्ला एक-एक करके कांग्रेस पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। धरने के बाद राजीव शुक्ला शिमला के भराड़ी में क्रिकेट टूर्नामेंट में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें बीते 9 दिनों के दौरान 8 बार बढ़ी हैं। हर रोज 80-80 पैसे की बढ़ोतरी की जा रही है। तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से महंगाई भी आसमान छू रही है।

उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने LPG सिलेंडर की कीमतों में एक साथ 50 रुपए का इजाफा करके आम आदमी की कमर तोड़ी है। रही सही कसर निर्माण सामग्री की बढ़ती कीमतें पूरी कर रही हैं। इसलिए कांग्रेस ने आज प्रदर्शन का निर्णय लिया है।