जम्मू। जम्मू स्थित एक सैन्य कैंप में रविवार (19 अप्रैल, 2026) को सेना की डॉग यूनिट में तैनात एक जवान का शव मिलने से हड़कंप मच गया। अधिकारीयों के अनुसार, जवान नग्रोटा इलाके में स्थित फैमिली क्वार्टर के अपने कमरे में छत से रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया। यह घटना तड़के सुबह की बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही मौके पर सुरक्षा बल और प्रशासनिक टीम पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शव को आगे की कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सेना अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही स्थानीय पुलिस भी अपने स्तर पर यह पता लगाने में जुटी है कि जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले शनिवार (18 अप्रैल, 2026) को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में एक पूर्व सैनिक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

कुपवाड़ा के हैचमर्ग गांव निवासी रियाज अहमद बदाना (45) का शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। लगातार दो दिनों में सामने आई इन घटनाओं से क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।