यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलाचौर की टपरियां निवासी 27 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है, जो दो छोटे बच्चों का पिता था और तीन बहनों का इकलौता भाई था।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह सूरज का शव उसके घर के आंगन में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थिति को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को सूचित किया। इसके बाद छछरौली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर सिविल अस्पताल भेज दिया।
मृतक की बहन सरोज ने बताया कि सूरज की शादी वर्ष 2022 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं—तीन साल की बेटी और तीन माह का बेटा। उन्होंने बताया कि सुबह आसपास के लोगों से मौत की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार मौके पर पहुंचा तो घर का सामान बिखरा हुआ था और सूरज का शव आंगन में पड़ा था।
परिजनों के अनुसार, मृतक की पत्नी ने बताया कि रात को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह बच्चों के साथ कमरे में सो गई, और सुबह करीब चार बजे बाहर आने पर सूरज को आंगन में मृत अवस्था में पाया।
मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि रात में हुए झगड़े और मौत की जानकारी परिवार को नहीं दी गई, जिससे संदेह और बढ़ गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सूरज के शरीर पर कुछ संदिग्ध निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।