सुचेतगढ़ (जम्मू)। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सुचेतगढ़ इलाके में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक पुराना और जंग लगा मोर्टार शेल बरामद हुआ। इस खबर के फैलते ही इलाके में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता (BDS) तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और पूरे इलाके को सुरक्षित घेराबंदी में ले लिया। टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए मोर्टार शेल को निष्क्रिय कर दिया, जिससे किसी प्रकार का खतरा या नुकसान नहीं हुआ।

सुरक्षा एजेंसियां कर रही जांच

अधिकारियों के अनुसार, बरामद किया गया मोर्टार शेल काफी पुराना और जंग लगा हुआ था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह विस्फोटक वहां तक कैसे पहुंचा। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं और आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।