श्रीनगर: बुधवार सुबह श्रीनगर-बारामूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा बलों को सड़क किनारे एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। अधिकारियों को आशंका है कि यह कोई आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) हो सकती है, जिसे किसी बड़ी साजिश के तहत रखा गया हो।
सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने तुरंत इलाके को घेर लिया और दोनों दिशाओं से वाहनों की आवाजाही रोक दी, जिससे लंबी कतारें लग गईं। घटनास्थल पर बम निरोधक दस्ते (BDS) को बुलाया गया, जो संदिग्ध वस्तु की जांच और निष्क्रिय करने में जुटा है। आसपास के इलाके में अतिरिक्त पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और सतर्कता बरती जा रही है।
राजौरी में भी आईईडी बरामद
जम्मू-कश्मीर में इस तरह की घटनाएं इस महीने पहले भी हो चुकी हैं। 5 फरवरी को राजौरी जिले के खाबलान इलाके से एक आईईडी बरामद किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध वस्तु की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और इसे निष्क्रिय किया गया।
अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि जब तक क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं होता, वाहन चालक और यात्री राजमार्ग का इस्तेमाल न करें।