जम्मू-कश्मीर के रेल इतिहास में गुरुवार का दिन बेहद खास रहा, जब जम्मू तवी से श्रीनगर के बीच पहली बार अत्याधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई गई। इस ऐतिहासिक मौके पर उद्घाटन विशेष ट्रेन (संख्या 02601) सुबह करीब 11 बजे जम्मू तवी स्टेशन से रवाना हुई और कश्मीर की ओर अपनी पहली यात्रा पर निकल पड़ी।

यह ट्रेन 20 आधुनिक कोचों से लैस है और लगभग 267 किलोमीटर का सफर तय करते हुए श्रीनगर पहुंचेगी। उद्घाटन समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला मौजूद रहे। सभी ने मिलकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर सांसद जुगल किशोर शर्मा, राज्यसभा सदस्य सत शर्मा और गुलाम अली खटाना सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

2 मई से शुरू होगी नियमित सेवा

जम्मू-श्रीनगर के बीच बहुप्रतीक्षित वंदे भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवा 2 मई से यात्रियों के लिए शुरू कर दी जाएगी। इस रूट पर दो जोड़ी ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और अधिक यात्रा विकल्प मिलेंगे।

रेलवे के अनुसार, पहले कटड़ा तक चलने वाली वंदे भारत सेवाओं का विस्तार अब जम्मू तवी तक कर दिया गया है। दोनों ट्रेनें सप्ताह में छह दिन संचालित होंगी, जबकि मंगलवार और बुधवार को अलग-अलग ट्रेनों का संचालन नहीं होगा। अब इन ट्रेनों में 8 कोच की जगह 20 कोच वाली आधुनिक रेक लगाई जाएगी। पूरी सेवा इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन पर आधारित होगी, जिससे यात्रा अधिक तेज और आरामदायक होगी।

समय सारिणी (Time Table)

पहली वंदे भारत (26401/26402)

  • जम्मू तवी से श्रीनगर (26401): सुबह 6:20 बजे प्रस्थान, 11:10 बजे आगमन
  • श्रीनगर से जम्मू तवी (26402): दोपहर 2:00 बजे प्रस्थान, शाम 6:50 बजे आगमन
  • यात्रा समय: लगभग 4 घंटे 50 मिनट
  • प्रमुख ठहराव: संगड, रामनगर, कटड़ा, रियासी, बनिहाल

दूसरी वंदे भारत (26403/26404)

  • जम्मू तवी से श्रीनगर (26403): दोपहर 1:20 बजे प्रस्थान, शाम 6:00 बजे आगमन
  • श्रीनगर से जम्मू तवी (26404): सुबह 8:00 बजे प्रस्थान, दोपहर 12:40 बजे आगमन
  • प्रमुख ठहराव: बनिहाल, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा

यात्रा समय और प्रभाव

जम्मू और श्रीनगर के बीच लगभग 266.66 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेनें औसतन 4 घंटे 40 मिनट से 4 घंटे 50 मिनट में पूरी करेंगी। इनकी औसत गति 55 से 57 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वंदे भारत के संचालन के बाद कुछ अन्य ट्रेनों के समय में जून से बदलाव किया जा सकता है।

क्षेत्रीय प्रभाव

इस नई वंदे भारत सेवा से जम्मू-कश्मीर में आवागमन और अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ व्यापार और स्थानीय लोगों की यात्रा भी आसान होने की उम्मीद जताई जा रही है।