मेरठ के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट सेक्टर-2 में गुरुवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब आवास एवं विकास परिषद की टीम नोटिस चस्पा करने पहुंची। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने इसका कड़ा विरोध करना शुरू कर दिया।
जैसे ही टीम ने दुकानों और आवासों पर नोटिस चिपकाने की प्रक्रिया शुरू की, मौके पर मौजूद महिलाओं ने घरों से बाहर आकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते पूरे इलाके में नारेबाजी तेज हो गई और “आवास विकास वापस जाओ” तथा “आवास विकास हाय-हाय” जैसे नारे लगाए जाने लगे।
सूचना के अनुसार, जिस क्षेत्र में पहले से कुछ महिलाएं धरने पर बैठी थीं, वहीं पर परिषद की टीम पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही विरोध और तेज हो गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और आवास विकास परिषद के अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत की जा रही है और किसी को आपत्ति होने पर वह लिखित रूप में अपनी बात रख सकता है।
विरोध के दौरान सेंट्रल मार्केट के कई व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई का विरोध किया। व्यापारियों और स्थानीय लोगों का कहना था कि उन्हें बिना वजह परेशान किया जा रहा है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में उन्हें कुछ आश्वासन दिए गए थे।
विरोध के चलते आवास विकास की टीम ने फिलहाल सेक्टर-3 और आसपास के इलाकों में नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई जारी रखी।
इस दौरान माहौल और तनावपूर्ण हो गया जब एक महिला ने आत्मदाह की चेतावनी दे दी। विरोध प्रदर्शन के बीच एक महिला अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी, जिसके बाद अन्य महिलाओं ने उसे पानी पिलाकर संभाला और उपचार के लिए भेजा गया।