भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड विधानसभा के लिए नई जिम्मेदारियों का ऐलान करते हुए शनिवार को हटिया से विधायक नवीन जायसवाल को मुख्य सचेतक नियुक्त किया। साथ ही धनबाद विधायक राज सिन्हा और बगोदर विधायक नगेंद्र महतो को पार्टी का सचेतक बनाया गया। विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने इन नियुक्तियों की घोषणा करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
नव नियुक्त मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि वे पार्टी के भरोसे पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा में वे जनता और पार्टी की आवाज को मजबूती से प्रस्तुत करेंगे। आगामी मानसून सत्र के दौरान वे युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्ग से जुड़े मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाने की योजना बना रहे हैं।
गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 1 अगस्त से शुरू होकर 7 अगस्त तक चलेगा, जिसमें कुल पांच कार्यदिवस निर्धारित हैं। पूर्व विपक्ष के नेता अमर कुमार बावरी ने भी नवीन जायसवाल को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और विश्वास जताया कि वे सदन में जनहित की बात प्रभावी ढंग से रखेंगे।