देवास/उदयनगर। उदयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भीकूपुरा में शनिवार को 17 वर्षीय युवक की मौत ने पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश फैला दिया। जानकारी के अनुसार, युवक की मां के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। परिवार ने शुक्रवार रात उदयनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई, जिससे परिवार और ग्रामीण बेहद आहत हुए।

कीटनाशक पीने के बाद हुई मौत

शनिवार सुबह युवक ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। उसे बागली अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने शव को ग्राम भीकूपुरा में पूंजापुरा-बागली मार्ग पर रखकर चक्का जाम किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

गुस्साई भीड़ ने की हिंसक कार्रवाई

आक्रोशित भीड़ ने आरोपी सुनील मालवीय के घर पर हमला बोल दिया। पत्थर फेंके गए और हथौड़े से घर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। आरोपी की बाइक को भी जलाने का प्रयास हुआ, जिसे पुलिस ने रोका। ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उसका मकान बुलडोजर से ध्वस्त किया जाए।

घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। एएसपी यातायात हरनारायण बाथम, बागली एसडीओपी संजय सिंह बैस और उदयनगर थाना टीआई सीएल रायकवार ने लोगों को शांत करने का प्रयास किया।

पुलिस ने बताया पूरा मामला

एएसपी हरनारायण बाथम ने कहा कि महिला के साथ दुष्कर्म का मामला था। परिजन रात में थाने पहुंचे, लेकिन जांचस्तर की महिला पुलिसकर्मी मौके पर नहीं थी। बागली से महिला पुलिसकर्मी को बुलाया गया। पीड़ित जब थाने वापस आए, तो उनके साथ आया युवक कीटनाशक पी गया। उसे बागली अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने आरोपी सुनील मालवीय को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीएम से मकान की जांच कराई जा रही है। अगर अवैध निर्माण पाया जाता है, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत करा दिया है कि प्रारंभ में शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई।