मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम पर हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। 30 अप्रैल की शाम हुई इस घटना के बाद चल रहे रेस्क्यू अभियान में 48 घंटे के भीतर दो और बच्चों के शव बरामद हुए हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
शनिवार शाम रेस्क्यू टीम को 6 वर्षीय विराज सोनी का शव मिला, जिसके बाद कुछ ही घंटों में 6 वर्षीय तमिल का शव भी बरामद कर लिया गया। प्रशासन के अनुसार अभी भी दो लोग लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
यह हादसा बरगी डैम के बैकवाटर क्षेत्र में खमरिया टापू के पास हुआ, जो जबलपुर मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के समय अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज हवाओं के चलते पानी में ऊंची लहरें उठने लगीं, जिससे क्रूज असंतुलित हो गया।
यात्रियों का आरोप है कि संकट के समय क्रू मेंबर की ओर से पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। लोगों का कहना है कि लाइफ जैकेट को लेकर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
हादसे के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होम गार्ड और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। 200 से अधिक जवान लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, हालांकि दुर्गम इलाके और गहरे पानी के कारण काम में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
सरकार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं और क्रूज संचालन से जुड़े तीन कर्मचारियों को लापरवाही के आरोप में सेवा से हटा दिया गया है।
फिलहाल तीन लोग अब भी लापता हैं और उनके परिजन किसी उम्मीद में राहत एवं बचाव कार्य पर नजर बनाए हुए हैं।