भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के पास भिंड-ग्वालियर हाईवे (NH-719) पर बारात से ग्वालियर लौट रही एक बस ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया
सूचना मिलते ही गोहद चौराहा पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायल लोगों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हाईवे पर मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, हादसा तब हुआ जब तेज रफ्तार बस भिंड में बारात छोड़कर ग्वालियर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान बस ने यात्रियों से भरी एक ईको कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि हाईवे पर हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर इकट्ठा हो गए।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और घायलों के इलाज की व्यवस्था की गई है। हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मार्ग पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी।