उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। पीपरपुर थाना क्षेत्र के खानापुर गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान खानापुर गांव निवासी दीपक मिश्र (30) पुत्र स्व. कपिल मुनि के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गांव के ही सचिन पांडेय ने दीपक को पिस्टल दिखाने के बहाने अपने पास बुलाया था। सचिन, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्रीकांत मिश्र का मौसेरा भाई बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बातचीत के दौरान अचानक अवैध पिस्टल से गोली चल गई, जो दीपक के सीने में लग गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने घायल अवस्था में उसे तुरंत सुल्तानपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।