अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भोपाल के भाजपा कार्यालय में आयोजित योग कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने योग किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने भी योग किया।
भोपाल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कई जगह कार्यक्रम हुए। लोगों में योग के प्रति जागरूकता के लिए भाजपा प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में सोमवार सुबह 7.30 बजे आयोजित योग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत एवं अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।
यहां कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि योग का मतलब है आत्मा को परमात्मा से जोड़ना। हम आसन और प्रणायाम भी करें तो शरीर को निरोगी रखा जा सकता है। निरोगी रहने के लिए योग जरूरी है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान योग करते हुए।
मुख्ममंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनता से अपील है कि जितनी प्राचीन विद्या हमारे पूर्वजों ने हमें दी है। उनको ना भूले। आसन और प्रणायम जरूर करें। यह तो कोरोना काल में भी सिद्ध हुआ कि जो योग करते थे, उनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता ज्यादा थी। मुझे भी कोरोना हुआ, लेकिन छू कर निकल गया। क्योंकि मैं रोज प्रणायम करता हूं।
CM ने अपील करते हुए कहा कि योग नियमित रूप से करते रहें। साथ ही वैक्सीन जरूर लगवाएं। वैक्सीन रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है। दुनिया के विशेषज्ञों का भी एक स्वर से कहना है कि यदि आपने दोनों डोज ले लिए हैं तो आपको कोराेना संक्रमण नहीं होगा। यदि होगा तो गंभीर रूप से नहीं होगा।